झुंझुनूं के कई हिस्सों में सोमवार की शाम को मौसम बदल गया। मंडावा कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में सोमवार को बादल घिर आए और देखते ही देखते आंधी के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। चने के आकार के ओले करीब 10 मिनट गिरे। इसके बाद मेघगर्जना के साथ करीब आधे घंटे तक तेज बारिश का सिलसिला चला। इससे सड़कों पर पानी बहने लगा। इससे सड़कें लबालब हो गई और जाम की स्थिति बन गई। दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कच्ची सड़कों पर कीचड़ जमा हो जाने से ग्रामीण इलाकों में आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को घरों में ही रुकना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान के उत्तरी और पूर्वी जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण झुंझुनूं सहित शेखावाटी के इलाकों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है। देखिए- तस्वीरें