झुंझुनूं में मंडावा रोड पर जिला स्वर्ण जयंती स्टेडियम के पास गुरुवार देर शाम कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो स्टूडेंट्स घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों करीब 7 से 8 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। दोनों घायलों को बीडीके अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। टर्न लेते समय कार से टकराई बाइक जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम दोनों स्टूडेंट्स बाइक से मंडावा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने किसान कॉलोनी की तरफ मुड़ने के लिए टर्न लिया। तभी बाइक कार से टकरा गई। टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बीडीके अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दोनों को हल्की चोटें आई हैं। स्टेडियम के पास ब्रेकर नहीं, तेज रफ्तार वाहनों से खतरा स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जगह पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। यहां से किसान कॉलोनी जाने का रास्ता निकलता है, लेकिन वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए सड़क पर ब्रेकर नहीं बनाया गया है। लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर वाहन तेज गति से गुजरते हैं। कॉलोनी की तरफ मुड़ने वाले वाहनों के कारण भी हादसे का खतरा बना रहता है। रोज 500 से 700 बच्चे आते हैं स्टेडियम जिला स्वर्ण जयंती स्टेडियम में रोजाना करीब 500 से 700 बच्चे खेल गतिविधियों और अभ्यास के लिए आते हैं। बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही काफी रहती है। यहां से कई बसें और अन्य वाहन तेज गति से गुजरते हैं। अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्टेडियम के पास सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।