राजस्थान वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी कार्यालय पिंडवाड़ा (वन मंडल सिरोही) के तत्वावधान में मांडवाडा खालसा में विश्व पृथ्वी दिवस पर्यावरण जागरूकता के संदेश के साथ मनाया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में लोगों और विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी और पर्यावरण जागरूकता रैली से हुई। सहायक वन संरक्षक दारा सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रेम सागर और स्कूल स्टाफ ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मांडवाडा खालसा से शुरू होकर गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई मुनिया डेम तक पहुंची। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण पर एक सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें सहायक वन संरक्षक दारा सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रेम सागर, शाला प्रधान चुनी लाल और शारीरिक शिक्षक मुकेश ने प्रकृति संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए। स्कूल परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों के लिए निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के तहत सिरोही जिले में चल रहे पर्यावरण संरक्षण कार्यों पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुनिया डेम पर नेचर वॉक, नेचर टॉक और मगरमच्छ दर्शन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त, नेचर फोटोग्राफी, बर्ड वॉचिंग और स्थानीय सांपों पर कार्यशालाएं आयोजित कर प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। पक्षियों के संरक्षण हेतु परिंडे वितरित किए गए और लगाए गए। रैली में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पर्यावरण आधारित स्टेशनरी सामग्री भी प्रदान की गई। ग्रामीणों, विद्यार्थियों और वन अधिकारियों के बीच एक मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच का भी आयोजन किया गया। समारोह में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले सभी विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रेम सागर ने सभी का आभार व्यक्त किया।