बारां जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के मंडोला गांव में ग्राम पंचायत प्रशासक किशनलाल सुमन (45) ने आत्महत्या कर ली। उनका शव शनिवार देर शाम खेत में एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने पर इस घटना का पता चला। हेड कॉन्स्टेबल उद्यम सहरिया ने बताया कि किशनलाल सुमन शनिवार शाम तक घर नहीं लौटे, जिससे परिजन चिंतित हो गए। तलाश करते हुए जब वे खेत पर पहुंचे, तो वहां किशनलाल का शव पेड़ से लटका हुआ पाया। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर शव को फंदे से नीचे उतारा और घर ले गए। कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। रविवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।