करौली जिले की मण्डरायल थाना पुलिस ने 2 साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी हथियार के दम पर दंपति से लूट की वारदात में वांछित था। पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सबलगढ़, जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) निवासी शेरा अली (27) पुत्र शौकत अली के रूप में हुई है। वह अप्रैल 2024 में चंबल पुल के पास हुई एक लूट की घटना में शामिल था। बाइक पर जा रहे पति-पत्नी को लूटा था थानाधिकारी ने बताया कि 23 अप्रैल 2024 को पांचोली निवासी गोपाल (45) पुत्र लोडू ने एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जब वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से अपनी बहन के यहां भात देने बेरई सबलगढ़ (मध्यप्रदेश) जा रहे थे, तब चंबल पुल पर 2 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोका। बिना नंबर की बाइक पर सवार दोनों युवकों ने अपने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। उन्होंने गोपाल की पत्नी की गर्दन से सोने का मंगलसूत्र और सोने की कॉलर छीन ली। जब दंपति ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपियों ने कट्टे से फायर कर दिया और मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लगातार दबिश और तलाश अभियान चलाया। इसी कड़ी में टीम ने सबलगढ़ क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी शेरा अली को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपी शेरा अली से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।