करौली के मंडरायल क्षेत्र में एक इलेक्ट्रिक टेम्पो और बाइक की टक्कर में 5 लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब टेम्पो में सवार श्रद्धालु अटार वाले ठाकुर बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे। सभी घायलों को मंडरायल के उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मंडरायल हॉस्पिटल के नर्सिंग स्टाफ महेंद्र शर्मा ने बताया कि यह दुर्घटना मंडरायल चंबल नदी मार्ग पर खांडे पुरा के पास हुई। इलेक्ट्रिक टेम्पो और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में टेम्पो में सवार 5 लोग घायल हुए। घायलों की हालत खतरे से बाहर घायलों की पहचान जल सिंह मीणा (25) निवासी नायगांव, सोनम सिंघल (20) निवासी मंडरायल, कैलाश कंवर (50) निवासी मंडरायल और सुशीला जाटव निवासी कासेद, मंडरायल के रूप में हुई है। एक अन्य घायल का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। उप जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर तथा खतरे से बाहर है। घायलों के उपचार और अस्पताल की व्यवस्थाओं में बीसीएमओ डॉ. महेश मीणा, पीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा, डॉ. मदन मोहन गुप्ता, मनीष जैमिनी और शिवराम गुर्जर सहित अन्य अस्पताल स्टाफ ने सहयोग किया।