मंडवाड़ा के केसीसी ग्राउंड में शुक्रवार रात तीन दिवसीय डे नाइट हार्ड टेनिस क्रिकेट बॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। समाजसेवी पुनीत अग्रवाल जावाल ने फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि पुनीत अग्रवाल ने उद्घाटन मैच की दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और पहली गेंद खेलकर टूर्नामेंट का आगाज किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को मंच प्रदान करते हैं और स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने में सहायक होते हैं। ये टूर्नामेंट खेल भावना, अनुशासन और नई ऊर्जा का संचार करते हैं। इस अवसर पर गौसेवक मोहनलाल पुरोहित, नारायणलाल, मंछाराम और कन्हैया लाल पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन समिति के जीवन राजपुरोहित ने बताया कि प्रतियोगिता में सिरोही, जालोर और पाली जिलों की कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच फोदर फाइटर मंडवाड़ा और दाता इलेवन मोहब्बत नगर के बीच खेला गया। मोहब्बत नगर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 72 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए फोदर फाइटर मंडवाड़ा की टीम ने सातवें ओवर में चार विकेट खोकर 75 रन बनाकर छह विकेट से जीत दर्ज की। आयोजन समिति के शंकर मेघवाल और दशरथ पुरोहित ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देना और युवाओं को नशा मुक्त व अनुशासित बनाना है। इस दौरान आयोजन समिति के जीवनराज पुरोहित, शंकर मेघवाल, किशोर पुरोहित, प्रवीण पुरोहित, प्रमोद सोलंकी, आनंद पुरोहित, छगन अलीका, जीतू सोलंकी, अशोक आलिका, नरेश देवासी, अशोक सोलंकी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।