जिले म पंचायतीराज चुनाव में इस बार मांगरोल क्षेत्र के लिए नई राजनीतिक व्यवस्था शुरू हो रही है। अंता से अलग होकर मांगरोल की स्वतंत्र पंचायत समिति बनने के बाद यहां पहली बार अलग बोर्ड का गठन होगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को पंचायत समिति स्तर पर अपना अलग नेतृत्व चुनने का मौका मिलेगा। नई व्यवस्था के तहत मांगरोल पंचायत समिति में 18 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें 18 सरपंचों के साथ 15 पंचायत समिति सदस्य भी चुने जाएंगे। जिले में परिसीमन और पुनर्गठन के बाद पंचायत समितियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। मांगरोल अलग पंचायत समिति बनने से क्षेत्र की 18 ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के स्वतंत्र स्तर पर निर्णय लिए जा सकेंगे। पंचायत समिति सदस्य अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। मांगरोल में प्रधान पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। मांगरोल पंचायत समिति में बमोरीकलां, बोहत, भटवाड़ा, छत्रपुरा, हिंगोनिया, ईश्वरपुरा, जलोदा तेजाजी, जारेला, किशनपुरा, महलपुर, महुवा, मालबमोरी, मऊ, रायथल, रावल जावल, शाहपुरा, तिसाया और उदपुरिया ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन सभी में सरपंच चुने जाएंगे। साथ ही 15 पंचायत समिति वार्डों में सदस्य चुनने के लिए मतदान होगा।