अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के हाल ही में हुए चुनावों में भरतपुर के मनोज जिंदल के राष्ट्रीय उपमहामंत्री पद पर निर्वाचित होने से स्थानीय समाज में उत्साह है। इसी क्रम में, भरतपुर जिला अग्रवाल महासभा के जिलाध्यक्ष सीए अतुल मित्तल की अध्यक्षता में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम शहर युवा अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल के कार्यालय पर हुआ। समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सीए अतुल मित्तल ने कहा कि मनोज जिंदल की यह जीत केवल एक व्यक्ति की जीत नहीं है, बल्कि यह समूचे भरतपुर के अग्रवाल समाज के लिए अत्यंत गौरव और प्रतिष्ठा की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिंदल के अनुभव का लाभ राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मिलेगा। जिला महामंत्री मुकेश सिंघल ने कहा कि अब तक स्थानीय स्तर पर जो मुद्दे गौण रह जाते थे, मनोज जिंदल के राष्ट्रीय नेतृत्व में आने से भरतपुर के अग्रवाल समाज की आवाज अब देश के सर्वोच्च मंचों पर पूरी प्रखरता और मजबूती के साथ गूंजेगी। युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए शहर अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल ने कहा कि यह उपलब्धि भरतपुर की सामाजिक सक्रियता का अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है। राष्ट्रीय उपमहामंत्री मनोज जिंदल ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर वरिष्ठ सदस्य दीनदयाल गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, विशन गुप्ता, मनीष गर्ग, भारत भूषण अग्रवाल, युवा शहर उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, संरक्षक बाबूलाल सिंघल, कार्यालय प्रभारी धर्मवीर उपस्थित रहे।