सवाई माधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस ने साइबर अपराध के मामले में फरार चल रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी साइबर ठगों को बैंक अकाउंट मुहैया कराकर रकम के लेन-देन में उनकी मदद करते थे। मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल दयाराम और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए बजरिया क्षेत्र से तीनों को डिटेन किया। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। ये आरोपी गिरफ्तार तीनों आरोपी मानटाउन थाने में दर्ज मुकदमे में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत वॉन्टेड थे। वारदात का तरीका पुलिस के अनुसार- आरोपियों के बैंक खातों का उपयोग साइबर ठग म्यूल अकाउंट के रूप में करते थे। इन खातों में देशभर के लोगों से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस, सीबीआई एवं ईडी अधिकारी बनकर, सर्विस चार्ज, जीएसटी, लोन और अन्य बहानों से ठगी करते थे। ठगी के बाद मिली रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले आरोपियों को कमीशन दिया जाता था। पुलिस ने बताया कि इसी मामले में पूर्व में कुलदीप मीणा निवासी मठ, थाना सूरवाल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।