राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज ब्यावर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे मसूदा में वीबी जी रामजी योजना के राज्य स्तरीय जन सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:35 बजे मसूदा पहुंचेंगे। यहां वे कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ करेंगे और जनसभा को संबोधित भी करेंगे। मसूदा में कार्यक्रम के बाद, मुख्यमंत्री नमोवन में पौधारोपण कार्यक्रम सहित अन्य आयोजनों में भाग लेंगे। दोपहर 2:10 बजे, मुख्यमंत्री ग्राम देवमाली पहुंचेंगे। यहां वे श्री देवनारायण मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर में पूजा के बाद, वे क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री अपराह्न 3:55 बजे जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की उपस्थिति की संभावना है।