जोधपुर जिले में अवैध बजरी लेकर जा रहे डंपर ड्राइवर ने पुलिस की जिला विशेष शाखा (DSB) टीम पर जानलेवा हमले किया। जब पुलिस ने ड्राइवर को घेरने की कोशिश की तो डंपर से सारी बजरी सड़क पर डालकर ड्राइवर गाड़ी भगाकर ले गया। मथानिया थाना इलाके में बालरवा गांव के पास रूटीन गश्त के दौरान मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे यह वारदात हुई। घटना को लेकर डीएसबी के एएसआई (ASI) पुनीत त्यागी ने मथानिया थाने में आरोपी डंपर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पहले देखें घटना के PHOTOS बीच सड़क खाली की बजरी, रास्ता किया जाम पुलिस के अनुसार- गश्त के दौरान पुलिस टीम ने सामने से आ रहे एक डंपर को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर ड्राइवर ने डंपर की रफ्तार बढ़ा दी और टीम के ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पकड़े जाने के डर से डंपर ड्राइवर ने भागते-भागते बीच सड़क पर ही डंपर का डाला उठा दिया और पूरी बजरी सड़क पर खाली कर दी। सड़क पर बजरी का ढेर लगने से पुलिस की गाड़ी का रास्ता रुक गया। इसका फायदा उठाकर आरोपी ड्राइवर डंपर सहित मौके से भाग निकला। गाड़ी के नंबरों के आधार पर कर रहे जांच मामले की जांच कर रहे तिंवरी चौकी के सब-इंस्पेक्टर प्यारेलाल चौधरी ने बताया- जिला पूर्व DSB टीम की और से अवैध बजरी खनन रोकने को लेकर सूचना मिली थी। टीम ने अवैध बजरी से भरे डंपर को रोकने का प्रयास किया तो ड्राइवर ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि टीम ने अपनी जान बचाई। इसके बाद ड्राइवर बजरी खाली कर डंपर लेकर भाग गया। पुलिस ने गाड़ी के नंबरों के आधार पर डंपर मलिक का पता लगाया है। पुलिस अब ड्राइवर की तलाश कर रही है।