एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बालेसर के बावरली क्षेत्र के लूणावपुरा में निर्माणाधीन मकान में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी है। शनिवार-रविवार रात करीब 3:30 बजे ‘ऑपरेशन विषघ्राण’ के तहत दबिश दी गई। टीम को देखते ही तस्करों ने मकान की छत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में एएनटीएफ ने भी फायर किए। दोनों तरफ से 15 राउंड फायरिंग हुई। दो तस्कर छत से गिरने से चोटिल हो गए। टीम ने मौके से हापूराम, बुधराम, नरेश, नरेंद्र, श्रवण और अजाराम को दबोच लिया। मौके से करीब 176 किलो एमडी ड्रग्स का मटेरियल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 करोड़ रुपए है। यह माल पूरी तरह तैयार नहीं था। मटेरियल सूखने के लिए रखा था। सूखने के बाद इसे पीसते ही एमडी ड्रग्स तैयार हो जाती। एएनटीएफ के अनुसार राजस्थान में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ने की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। कार्रवाई एएनटीएफ एसपी अमित जैन के निर्देशन में हुई।