हरियाणवी सिंगर और एक्टर मीता बरोदा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। राजस्थान के सीकर में अपने गाने ‘बहू बावली’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे मीता बरोदा का राजस्थानी सिंगर पूजा डोटासरा के ग्रुप के लोगों से विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के चार लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, होटल में बिना अनुमति के प्रमोशन इवेंट चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में इनफ्लुएंसर और यूट्यूबर्स पहुंचे थे। इससे पहले भी मीता बरोदा कई विवादों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। होटल में गाने के प्रमोशन के दौरान विवाद सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पिपराली चौराहे के पास स्थित होटल महक में मंगलवार शाम हरियाणवी सिंगर मीता बरोदा उर्फ अमित खासा (40), निवासी गांव बरोदा, सोनीपत, अपने गाने ‘बहू बावली’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, इवेंट बिना अनुमति के आयोजित किया जा रहा था। इसमें बड़ी संख्या में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और यूट्यूबर्स शामिल हुए थे। इसी दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया। दोनों गुटों के चार लोग गिरफ्तार उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मीता बरोदा समेत चार लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में भैरू वैष्णव (23), निवासी पंडेर, भीलवाड़ा; सांवरमल सुथार (22), निवासी मयूरा सिटी, पालवास रोड, सीकर; और विष्णु सिंह (21), निवासी रोहलसाबसर शामिल हैं। सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी दोनों पक्षों में तकरार विवाद की वजह दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर चल रही कथित तकरार को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मीता बरोदा और राजस्थानी सिंगर पूजा डोटासरा के ग्रुप के बीच इस बात को लेकर बहस हुई कि दोनों में बड़ा सिंगर कौन है। इसी बात को लेकर प्रमोशन इवेंट के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए। विवाद के बाद इवेंट में पहुंचीं पूजा डोटासरा बताया जा रहा है कि इवेंट में पूजा डोटासरा के ग्रुप के लोग भी पहुंचे हुए थे। झगड़ा होने के बाद पूजा डोटासरा भी वहां पहुंचीं। मीता बरोदा ने कहा कि वह अपने गाने के प्रमोशन के लिए सीकर आए थे और पूजा डोटासरा व उनके ग्रुप के लोग भी वहां पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, खबर लिखे जाने तक मामले में किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई थी। पहले भी विवादों में घिर चुके मीता बरोदा 1. ‘जीजा जी’ गाने को लेकर सोनिका सिंह से विवाद करीब आठ महीने पहले मीता बरोदा उर्फ अमित खासा और मॉडल सोनिका सिंह के बीच ‘जीजा जी’ गाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने गाने के स्वामित्व और यूट्यूब से होने वाली कमाई को लेकर दावे किए थे। सोनिका सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनकी लगातार बदनामी की जा रही है। 2. इनफ्लुएंसर सीमा राठौर ने लगाए थे गंभीर आरोप करीब आठ महीने पहले हरियाणवी इनफ्लुएंसर सीमा राठौर ने मीता बरोदा पर काम दिलाने के बदले रिलेशन बनाने का दबाव डालने के आरोप लगाए थे। इसके जवाब में मीता बरोदा ने कहा था कि वह इनफ्लुएंसर को नहीं जानते। उन्होंने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की बात भी कही थी। 3. एक साल पहले मीता बरोदा पर हुई थी फायरिंग करीब एक साल पहले मीता बरोदा पर फायरिंग की वारदात भी हुई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। उस समय पुलिस की शुरुआती जांच में विधानसभा चुनाव की रंजिश को वारदात की वजह बताया गया था।