शहर के प्रमुख बाजारों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए बुधवार को पुलिस थाना कोटगेट, यातायात पुलिस और नगर निगम सतर्कता दल संयुक्त कार्रवाई की। इस कार्य में केईएम रोड व्यापार मंडल ने भी सहयोग किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर समझाइश की और बाजारों का पैदल भ्रमण कर दुकानों के आगे फुटपाथ पर रखा सामान हटवाया। कोटगेट थाने में व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी, यातायात शाखा प्रभारी कानाराम और नगर निगम सतर्कता दल के प्रभारी प्रदीप सिंह चारण ने व्यापार मंडल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। बैठक में रेलवे स्टेशन रोड, लालजी होटल रोड, सट्टा गली, कस्टम पॉइंट, कोटगेट दरवाजा, दाऊजी रोड, केईएम रोड, भैरुजी गली, फड़ बाजार, खजांची मार्केट और बोथरा कॉम्प्लेक्स रोड पर लगने वाले जाम, फुटपाथ पर सामान बेचने और नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों से पैदा होने वाले अवरोधों पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के बाद अधिकारियों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने स्टेशन रोड, सट्टा गली, कोटगेट दरवाजा और केईएम रोड का पैदल मुआयना किया। टीम ने दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर सजाए गए सामान को हटवाया। दुकानदारों को दो टूक हिदायत दी गई कि वे अपनी हद में ही व्यापार करें। यदि भविष्य में दुकानों के आगे सामान रखकर मार्ग अवरुद्ध किया गया, तो पुलिस एक्ट की धारा 60 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए सामान जब्त कर लिया जाएगा। स्टेशन रोड, कोटगेट दरवाजा और फड़ बाजार पॉइंट पर बेतरतीब तरीके से खड़े रहने वाले ऑटो और टैक्सी चालकों को भी कड़ी चेतावनी दी गई। चालकों को निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित स्टैंड पर ही वाहन खड़े करें, अन्यथा चालान और जब्ती की जाएगी। यातायात पुलिस ने दुपहिया वाहन चालकों से भी नो-पार्किंग जोन में वाहन न खड़े करने की अपील की है। टीआई कानाराम ने बताया कि आने वाले दिनों में अतिक्रमण हटाने के लिए संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।