जालोर जिले के सायला क्षेत्र के मेघलवा गांव स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में टीचर्स के रिक्त पदों को लेकर मंगलवार को स्टूडेंट्स और ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। स्टूडेंट्स ने सुबह करीब 9:30 बजे विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स और ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में कुल 25 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल 7 पदों पर ही टीचर्स कार्यरत हैं। यही टीचर्स स्कूल के 350 से अधिक स्टूडेंट्स को पढ़ा रहे हैं। लंबे समय से खाली पड़े हैं टीचर्स के पद ग्रामीणों और स्टूडेंट्स ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से टीचर्स के कई पद रिक्त पड़े हैं। पर्याप्त स्टाफ नहीं होने से नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और स्टूडेंट्स का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। स्कूल की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित प्रदर्शन के चलते विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित रहीं। बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स और ग्रामीण मौके पर डटे रहे और जल्द से जल्द नियमित टीचर्स की नियुक्ति की मांग करते रहे। स्टूडेंट्स ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनका आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नेमाराम चौधरी और एएसआई राजाराम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्टूडेंट्स और ग्रामीणों से समझाइश कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया। छात्राओं ने बताई स्कूल की स्थिति प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा ने बताया कि विद्यालय में सेकंड ग्रेड का एक भी टीचर नहीं है। प्रथम श्रेणी के केवल दो टीचर्स कार्यरत हैं, जिनमें एक इतिहास और एक हिंदी विषय के टीचर हैं। छात्रा ने बताया कि इतिहास विषय के टीचर ही प्रिंसिपल का कार्यभार भी संभाल रहे हैं। कार्यालय संबंधी काम अधिक होने के कारण उन्हें समय मिलने पर ही पढ़ाने का मौका मिल पाता है। स्टूडेंट्स और ग्रामीणों ने मांग की कि रिक्त पदों पर तत्काल टीचर्स लगाए जाएं, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ……. यह खबर भी पढ़े… जालोर में स्कूल गेट पर स्टूडेंट्स ने लगाया ताला:बोले- टीचर्स के 24 में से 13 पद खाली, पढ़ाई पर हो रहा असर जालोर के ऐलाना गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी और अव्यवस्थाओं को लेकर शनिवार सुबह छात्रों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। (पूरी खबर पढ़ें)