जिले के गीजगढ़ क्षेत्र की मुडेत्या ढाणी से बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को मेहंदीपुर बालाजी धाम की तृतीय ध्वज यात्रा पहुँची। पदयात्रा के बालाजी पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर बालाजी महाराज के दरबार में ध्वज चढ़ाया। इसके बाद भगवान को भोग-प्रसादी अर्पित की गई। पदयात्रियों ने बालाजी महाराज के साथ भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यात्रा समापन पर पंचमुखी सिद्दबाबा आश्रम पर भजन कीर्तन के बाद पंगत प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पदयात्रियों ने प्रसादी ग्रहण की। समिति अध्यक्ष कीर्तिलाल शर्मा ने बताया कि मुडेत्या परिवार के सहयोग से प्रतिवर्ष यह पदयात्रा आयोजित की जाती है। श्रद्धालु आस्था के साथ पदयात्रा कर बालाजी धाम पहुंचते हैं और यहां दर्शन, ध्वज चढ़ाने तथा भोग-प्रसादी के साथ यात्रा का समापन करते हैं। इस अवसर पर केएल शर्मा, मुरारीलाल, मुकेश, दिनेश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।