जिलेभर में भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू ने जनजीवन को पूरी तरह बेपटरी कर दिया है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री और न्यूनतम 31.5 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि पिछले दिन के मुकाबले पारे में 3 डिग्री की आंशिक गिरावट रही, लेकिन हवा में मौजूद उमस और गर्म थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया।हालात यह है कि सुबह 9 बजते ही सूरज की तपिश ने परेशान करना शुरू कर दिया। दोपहर होते-होते मुख्य बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया, जिससे शहर में कर्फ्यू जैसा मंजर नजर आया। आवश्यक कार्य होने पर ही लोग स्कार्फ, गमछा और चश्मा पहनकर निकलें। आगे क्या: गर्मी के ऑरेंज अलर्ट के साथ अब वार्म नाइट का खतरा मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पारे में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव के साथ-साथ अब अत्यधिक गर्म रातों का अलर्ट भी जारी किया गया है। यानी रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने से लोगों की बेचैनी और बढ़ेगी। दिन में तेज रफ्तार से गर्म हवाएं चलने और पारे में बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल कोई भी राहत की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। यदि कोई नया सिस्टम एक्टिव हुआ तो कुछ दिनों में राहत मिल सकती है।