भास्कर संवाददाता | चूरू हल्के पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को जिले के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप के बीच बादलों की आवाजाही रही। इस दौरान बीच-बीच में काली घटाएं भी छाई, लेकिन कहीं भी बारिश नहीं हुई। धूप के साथ ही उमस भी बनी रही। शाम को भी घने बादलों के साथ काली घटाएं छाई रही। मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 38.7 व न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व सोमवार को अधिकतम तापमान 38.6 व न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रहा था। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी पांच-छह दिन राज्य में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहेगी। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर-बीकानेर संभाग में आगामी दो दिन धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इधर, पड़ोसी जिले सीकर के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.5 व न्यूनतम 28.4 डिग्री रहा। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 36.0 व न्यूनतम 27.0 डिग्री रहा था।