भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही श्रीगंगानगर जिले में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। दिन में लू जैसी स्थिति बन रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने शनिवार को जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार रात भी तेज हवाएं चलीं। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़कर 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री बढ़कर 25.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मई के पहले सप्ताह में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलता रहेगा। विभाग ने अगले तीन से चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दोपहर बाद आंधी, मेघ गर्जन, 30–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं, कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभागों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं।