अलवर | अखैपुरा थाना पुलिस ने ज्योतिबा फुले सर्किल स्थित प्लेटिनम टावर में संचालित क्लाउड मोबाइल शॉप के संचालक प्रथम मुखीजा पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सोमवार को एक नाबालिग बाल अपचारी को निरुद्ध कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी बरामद कर ली है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी महेश तिवारी ने बताया कि घायल प्रथम मुखीजा (24) पुत्र राजेश मुखीजा निवासी मंगलम सिटी ने रविवार को दिए पर्चा बयान में बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी मोबाइल दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक किशोर दुकान पर आया और कहा कि वैशाली नगर थाने में दर्ज एक मामले में उसके छोटे भाई का नाम भी है। यदि 15 लाख रुपए दे दिए जाएं तो रिपोर्ट को रफा-दफा करवा दिया जाएगा। प्रथम के अनुसार, रुपए देने से इनकार करने पर आरोपी ने गुस्से में उसके पेट में चाकू घोंप दिया और बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और फरार बाल अपचारी की पहचान कर उसे निरुद्ध कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना में बाल अपचारी के साथ धीरज जाटव, हर्षित खंडेलवाल सहित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में अलवर शहर कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को अस्पताल पहुंचा। प्रतिनिधियों ने घायल प्रथम मुखीजा से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और कानून-व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।