जयपुर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय फैशन एवं ब्यूटी प्रतियोगिता ‘मिस एवं मिसेज सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026’ का ग्रैंड फिनाले का आयोजन होगा। इसमें शामिल होने के लिए 40 देशों की सुपर मॉडल्स जयपुर आई हैं। प्रतियोगिता के आयोजन से पहले विदेशों से आई मॉडल्स ने जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, राजस्थानी परंपराओं और पारंपरिक आभूषण कला को करीब से जाना। कोई अल्बर्ट हॉल की ऐतिहासिक भव्यता को निहारती नजर आई, तो किसी ने भारतीय आभूषणों की बारीक कारीगरी और एंटीक ज्वेलरी के आकर्षक डिजाइनों में दिलचस्पी दिखाई। आज सभी मॉडल्स मिस-मिसेज सुपर मॉडल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इसका आयोजन आगरा रोड स्थित एस्थेरिया बेरीज रिसॉर्ट एंड स्पा में होगा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर विभिन्न देशों से आईं प्रतिभागियां अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, फैशन सेंस और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगी। यहां देखिए मॉडल्स के जयपुर विजिट के फोटोज ‘बारात ऑन व्हील्स’ पर थिरकीं सुपर मॉडल्स विदेशों से आईं प्रतिभागियों के स्वागत को भी खास अंदाज दिया गया। कार्यक्रम आयोजक डॉ. अजय शर्मा ने सभी सुपर मॉडल्स का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान ‘बारात ऑन व्हील्स’ की अनूठी थीम ने आयोजन में उत्सव का रंग भर दिया। संगीत की धुनों पर सुपर मॉडल्स ने डांस किया और पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। रैंप पर दिखेगा देशों की संस्कृति और आधुनिक फैशन का मेल ‘मिस एवं मिसेज सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026’ की खासियत यह है कि प्रतियोगिता में मॉडल्स केवल रैंप वॉक तक सीमित नहीं रहेंगी। विभिन्न राउंड्स में वे अपने-अपने देशों की संस्कृति से प्रेरित परिधान और स्वयं तैयार किए गए कलेक्शन भी प्रस्तुत करेंगी। इससे अंतरराष्ट्रीय फैशन मंच पर अलग-अलग देशों की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक पहनावे और आधुनिक डिजाइन की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में ‘मिस’ और ‘मिसेज’ दोनों श्रेणियों को शामिल किया गया है। यह आयोजन प्रियंका नितिन दुबे, डॉ. अजय शर्मा के नेतृत्व में हो रहा है।