देश की प्रतिष्ठित किशोर सौंदर्य प्रतियोगिताओं में शामिल मिस टीन दिवा 2026 का ग्रैंड फिनाले रविवार देर रात को जयपुर के जी स्टूडियो में आयोजित हुआ। देशभर से आई प्रतिभागियों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले के बाद मेघालय की ऐश्वर्या मलंग ने मिस टीन अर्थ इंडिया 2026, असम की स्निग्धा भुयान ने मिस टीन ग्रैंड इंडिया 2026 और ओडिशा की प्रसूची पांडा ने मिस टीन यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया। इन तीनों विजेताओं को अब मिस टीन अर्थ 2026, मिस टीन ग्रैंड 2026 और मिस टीन यूनिवर्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। देशभर से आए सैकड़ों प्रतिभागियों में से विभिन्न चयन चरणों के बाद 37 प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई थी। फैशन, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, मंच संचालन, प्रतिभा और प्रश्नोत्तर जैसे कई राउंड के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में हरियाणा की दिया डांग सेकंड रनरअप रहीं, जबकि गोवा की वेदश्री ठाकरे फर्स्ट रनरअप चुनी गईं। पहले देखिए ब्यूटी पेजेंट फिनाले के PHOTOS… ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों ने पारंपरिक और वेस्टर्न राउंड, टैलेंट राउंड तथा इंटेलिजेंस राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और मंच प्रस्तुति का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ब्यूटी क्वीन देने का मंच मिस टीन दिवा के संस्थापक एवं ग्लैमआनंद सुपरमॉडल के निदेशक निखिल आनंद ने कहा कि मिस टीन दिवा आज दुनिया की सबसे तेजी से लोकप्रिय हो रही टीनएज ब्यूटी प्रतियोगिताओं में शामिल है। यह मंच केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवतियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को निखारने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ग्लैमआनंद ग्रुप ने अब तक भारत को कई अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी क्वीन दी हैं, जिन्होंने वैश्विक मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है। उनका विश्वास है कि इस वर्ष की विजेता प्रतिभागी भी विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगी। देश-विदेश से पहुंचे 500 से अधिक प्रतिनिधि तीनों विजेताओं ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन से निर्णायकों का दिल जीता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये प्रतिभागी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगी। ग्रैंड फिनाले में मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मनिका विश्वकर्मा, मिस चार्म इंडिया महक ढींगरा, मिस टीन यूनिवर्स 2024 तृष्णा रे, मिस टीन अर्थ तनिष्का शर्मा, ग्लैमआनंद के निदेशक निशांत आनंद सहित देश-विदेश से आए करीब 500 से अधिक डेलीगेट्स और फैशन एवं ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।