शहर के विधायक जनसुनवाई केंद्र में गुरुवार को पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। आगामी भीषण गर्मी को देखते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में निर्बाध, सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा हुई। डॉ. चौधरी ने कहा कि गर्मी में बिजली की मांग बढ़ती है। लापरवाही से आमजन को परेशानी होगी। उन्होंने बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, लो वोल्टेज, तकनीकी समस्याओं का त्वरित, प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। खराब ट्रांसफार्मर समय पर बदलने को कहा। जर्जर लाइनों की मरम्मत के निर्देश दिए। नियमित मेंटेनेंस कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष ध्यान देने को कहा। विधायक ने शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर समस्या दूर करने के निर्देश दिए। नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने कहा कि गर्मी के कठिन समय में राहत देना प्राथमिकता है। ढिलाई, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में बिजली विभाग के अधिकारी, संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।