4 राज्यों की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के चुनाव में भाजपा-एनडीए ने 16 सीटें जीतीं। इंडिया ब्लॉक के खाते में 9 सीटें गईं। अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने यूपी की 11 में से 6 और सपा ने 5 सीटें जीतीं। इनमें वाराणसी की सीट भी है। सपा ने अपनी सीटों में इजाफा किया। पहले उसके पास 3 सीटें थीं। वहीं, कांग्रेस महाराष्ट्र की नागपुर सीट ही जीत पाई। कर्नाटक में खाता नहीं खुला। यहां चारों सीटें एनडीए ने जीतीं। इन 28 सीटों में से कांग्रेस के पास 4 सीटें थीं। कांग्रेस के प्रदर्शन पर पीएम मोदी ने कहा, 'चुनाव बैलेट पेपर से हुए। अंदाजा लगाइए कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं।’ यूपी: गोरखपुर में भाजपा सिर्फ 307 वोट से जीती गोरखपुर में भाजपा बेहद कड़े मुकाबले में 307 वोटों से जीत गई। ध्रुव त्रिपाठी ने विक्ट्री साइन दिखाकर खुशी जताई। वे लगातार चौथी बार MLC बने हैं। उन्हें टक्कर देने वाले निर्दलीय राजीव यादव ने कहा- ‘मुझे जानबूझकर हराया गया है। एक हजार वोटों की चोरी की गई है।’ राजीव की हार पर उनके समर्थक रो पड़े। सभी 11 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। भाजपा ने 6 और सपा ने 5 सीटें जीती हैं। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: पटना स्नातक सीट पर नीरज जीते,कोसी में भाजपा की हैट्रिक बिहार विधान परिषद की सभी 8 सीटों पर रिजल्ट आ गए हैं। पटना स्नातक सीट से जदयू के नीरज कुमार जीत गए हैं। वहीं कोसी स्नातक सीट पर बीजेपी के एनके यादव ने जीत की हैट्रिक लगाई है। पूरी खबर पढे़ंं… कर्नाटक- 4 सीटें NDA के पास, कांग्रेस ने इकलौती सीट गंवाई कर्नाटक में MLC की चार सीटों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। विपक्षी जनता दल (सेक्युलर) यानी जेडीएस ने कांग्रेस से एक सीट छीन ली, जबकि उसकी सहयोगी भाजपा ने अपनी तीनों सीटें बरकरार रखीं। बेंगलुरु शिक्षक सीट पर भाजपा के समर्थन से चुनाव लड़ रहे जेडीएस उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी पुट्टन्ना को 908 वोटों से हराया। पुट्टन्ना को 9,902 वोट मिले, जबकि रंगनाथ को 10,810 वोट मिले। उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर भाजपा के मौजूदा एमएलसी शशिल जी. नामोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को हराया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नामोशी ने इस सीट पर लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की है। नामोशी को 15,596 वोट मिले, जबकि मत्तूर को 12,299 वोट मिले। नामोशी ने 3,297 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। महाराष्ट्र- NDA और विपक्ष को 2-2 सीटें, कांग्रेस को एक सीट मिली महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों में से दो सीटें सत्ताधारी एनडीए यानी महायुति ने जीती हैं। दो सीटें विपक्ष यानी महाविकास आघाडी ने जीती है और एक सीट कांग्रेस के खाते में आई है। पुणे शिक्षक सीट पर भाजपा के कौस्तुभ गावडे जीते और अमरावती शिक्षक सीट पर शिंदे की शिवसेना के किरण सरनाईक जीते। दूसरी ओर, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर शरद पवार गुट के प्रतापसिंह पाटील ने सतीश चव्हाण को हराया, और पुणे स्नातक सीट पर भी शरद पवार गुट की हर्षदा देशमुख-जाधव की जीत की खबर है।नागपुर स्नातक सीट कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने जीती है। भाजपा बोली- कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिला भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि MLC चुनाव के नतीजों से पता चलता है कि कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिला। ये चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स से कराए गए थे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस का खाता खुलना तक मुश्किल हो गया था। उनके मुताबिक, कांग्रेस वोट चोरी के आरोप लगाकर अपने चुनावी प्रदर्शन से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।