ग्राम पंचायत झाड़ला में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर उपखंड अधिकारी राजेश कुमार मीणा के सानिध्य में आयोजित हुआ, जबकि अध्यक्षता प्रशासक भंवर किशोर सिंह ने की। शिविर में राजस्व विभाग से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया। अधिकारियों ने 36 नामांतकरण, 31 सीमाज्ञान, 6 तकसीमा, 28 राजस्व खातों के शुद्धिकरण, 1 आबादी प्रस्ताव और 10 पट्टों का मौके पर निस्तारण किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त के 12 प्रकरणों का समाधान करते हुए पात्र लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई। वहीं 16 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। उपखंड अधिकारी राजेश कुमार मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों के कार्यों का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इस मौके पर करण सिंह ने सरकारी अस्पताल में फ्रिज भेंट किया। शिविर में तहसीलदार तन्नू शर्मा, विकास अधिकारी बृजेंद्र सिंह धाकड़, ग्राम विकास अधिकारी दिनेश सैनी, पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. चित्रा जूनीवाल, डॉ. पाबू राम विश्नोई, अनीशा टाटीवाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से रामनिवास यादव, वन रक्षक चमेली बैरवा, परिवहन विभाग से रामनारायण चौधरी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से डॉ. राकेश कुमार चौधरी, महिला एवं बाल विकास विभाग से ज्योति कंवर खींची सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।