माउंट आबू में सोमवार से निर्माण सामग्री लाने की नई व्यवस्था लागू होने से ठीक पहले अवैध निर्माण सामग्री से भरा एक ट्रक पकड़ा गया। यह घटना रविवार को चुंगी नाके पर हुई। टोल नाका प्रभारी गजेंद्र सिंह ने कार्रवाई करते हुए ट्रक की तलाशी ली। ट्रक में भूसे की आड़ में भारी मात्रा में लोहे के एंगल, लोहे के गडर, टाइल्स और सीमेंट शीट छिपाकर ले जाए जा रहे थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह पहली बार नहीं है जब माउंट आबू में इस तरह की अवैध गतिविधि सामने आई है। इससे पहले भी पानी के टैंकर में बजरी और बस में सीमेंट के ब्लॉक ले जाने के मामले पकड़े जा चुके हैं। अवैध परिवहन प्रशासन के लिए लगातार चुनौती बना हुआ है। सोमवार से माउंट आबू में निर्माण सामग्री के परिवहन के लिए अनुमति दी जानी थी। हालांकि, नई व्यवस्था शुरू होने से ठीक पहले इतनी बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री पकड़े जाने से प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। ईएसजेड नोडल प्रभारी डॉ. अंशु प्रिया की सख्त निगरानी के कारण अवैध निर्माण सामग्री को शहर में प्रवेश करने से पहले ही चुंगी नाके पर जब्त कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि माननीय उच्च न्यायालय जोधपुर में लगी रोक 10 अप्रैल को आए आदेश के बाद हटी थी, जिसके बाद निर्माण सामग्री के परिवहन की अनुमति का रास्ता साफ हुआ था।