माउंट आबू (सिरोही) के एक होटल में लेपर्ड घुस गया। उसने होटल की छत पर सो रहे कर्मचारी (युवक) के पास बंधे कुत्ते का शिकार किया। इसके बाद लेपर्ड युवक की तरफ बढ़ा। अचानक युवक की आंख खुल गई। उसने गर्दन उठाई तो लेपर्ड को अपनी ओर आते देखा। यह देख युवक ने फिर से आंख बंद कर ली। इसके कुछ सेकंड बाद लेपर्ड वापस कुत्ते की ओर चला गया। घटना कुमारवाड़ा स्थित एक होटल में 29 जून को रात करीब एक बजे हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए बिना हलचल किए अपनी जान बचाई। हालांकि वह इतना डर गया कि अगले दिन सुबह होते ही नौकरी छोड़कर चला गया। पहले PHOTOS में देखिए पूरा घटनाक्रम… कुत्ते का शिकार किया, फिर युवक के बिस्तर की तरफ बढ़ा लेपर्ड सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि लेपर्ड ने होटल की छत पर सो रहे कर्मचारी बालू (25) के पास बंधे कुत्ते को मार डाला। चेन से बंधा होने के कारण लेपर्ड कुत्ते को नहीं ले जा सका। इसके बाद लेपर्ड बालू के बिस्तर की तरफ बढ़ा। इस दौरान चादर ओढ़कर सो रहे बालू की आंख खुल गई। उसने लेपर्ड की तरफ देखा और वापस आंख बंद करके हिले-डुले बिना लेट गया। लेपर्ड 3-4 सेकंड तक उसके बिस्तर के सामने रुका रहा। इसके बाद लेपर्ड दूसरी तरफ मुड़ा और वहां लौट गया। करीब 5 सेकंड बाद लेपर्ड को जाते हुए युवक ने वापस देखा और फिर आंख बंद करके लेट गया। कर्मचारी सुबह उठा और नौकरी छोड़कर चला गया होटल संचालक सुरेंद्र सिंह का बताया- इस घटनाक्रम के बाद बालू में डर बैठ गया। वह 30 जून की सुबह उठा और मुझसे गांव जाने की कहकर नौकरी छोड़कर चला गया। वह 2 महीने पहले ही काम पर आया था। सुरेंद्र सिंह ने बताया- गनीमत रही कि लेपर्ड ने बालू पर हमला नहीं किया। बालू ने भी सूझबूझ दिखाई और कोई मूवमेंट नहीं किया। यहां आए दिन लेपर्ड का मूवमेंट बना रहता है। माउंट आबू में हैं 60 से ज्यादा लेपर्ड वन विभाग के अनुसार, माउंट आबू में लेपर्ड और भालू की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। यहां 60 से ज्यादा लेपर्ड और 250 से ज्यादा भालू होने का अनुमान है। भालू तो अक्सर दिन के समय भी दिखाई देते हैं। वन विभाग ने लोगों को बिना अनुमति वन क्षेत्र में नहीं जाने की चेतावनी दी है। विभाग ने बताया कि दो महीने पहले वन क्षेत्र में लेपर्ड ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे मार डाला था।