मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को सिद्धपीठ घाटा मेहंदीपुर बालाजी पहुंच स्वयंभू बालाजी दरबार के दर्शन किए और विशेष पूजा अर्चना की। उन्होंने बालाजी महाराज के दर्शन कर देशभर में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सोने के चोले का तिलक लगाया मंदिर पहुंचने पर ट्रस्ट द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें बालाजी महाराज के सोने के चोले का तिलक लगाकर माला पहनाई गई। तोमर ने बालाजी महाराज के साथ-साथ भैरव बाबा और प्रेतराज सरकार के भी दर्शन किए। दर्शनों के बाद मंदिर ट्रस्ट के सचिव एमके माथुर ने उन्हें रामनामी दुपट्टा ओढ़ाकर और बालाजी महाराज की मोदक प्रसादी भेंट की। साथ ही मंदिर ट्रस्ट द्वारा महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा नेता सत्यनारायण जैमन, सिकराय एसडीएम नवनीत कुमार, बालाजी थाना इंचार्ज गौरव प्रधान सहित पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा। गौरतलब है कि नरेंद्र सिंह तोमर पहले भी कई बार यहां दर्शन के लिए आ चुके हैं।