मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को कोटा पहुंचे। वे एयरपोर्ट से ही हेलिकॉप्टर के जरिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ रामगंजमंडी क्षेत्र के रीछी गांव में आयोजित अहीर समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में पहुंचे। इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी उनके साथ रहे। सामूहिक विवाह सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- उनका यहां आने का कार्यक्रम तय नहीं था, लेकिन सभी के स्नेह, आशीर्वाद और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कहने पर वे कोटा पहुंचे। इतने व्यस्त कार्यक्रम और बाधाओं के बीच यहां आकर मैं स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। बेटियां दो परिवारों को जोड़ती हैं उन्होंने कहा कि 16 संस्कारों में पाणिग्रहण संस्कार अत्यंत पवित्र होता है। इसी संस्कार से परिवार की वंश परंपरा आगे बढ़ती है। सामाजिक संरचना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बेटियां दो परिवारों को जोड़ने का कार्य करती हैं। जीवनभर रिश्तों को सहेजती हैं। इससे पहले कोटा एयरपोर्ट पहुंचने पर सीएम मोहन यादव को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कलेक्टर पीयूष समारिया, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान कलेक्टर ने कोटा की औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक स्वरूप कोटा स्टोन से निर्मित आकर्षक जड़ित पत्थर का फ्रेम भेंट किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।