झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह ने झालावाड़ जिले में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण इकाइयों का उद्घाटन किया। इन सुविधाओं का उद्देश्य जिले के आमजन को बेहतर, त्वरित और अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। सांसद ने झालावाड़ मेडिकल कॉलेज, एसआरजी और जनाना अस्पताल में विभिन्न चिकित्सा इकाइयों और आधुनिक उपकरणों का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने जनाना अस्पताल परिसर में मॉडल एचपीवी टीकाकरण केंद्र, एडवांस एक्स-रे मशीन और मदर न्यू बोर्न केयर यूनिट का उद्घाटन किया। एडवांस सोनोग्राफी मशीन भी शुरू इसके अलावा नए स्थान पर स्थानांतरित नेत्र रोग ओपीडी और एक एडवांस सोनोग्राफी मशीन भी आमजन को समर्पित की गई। इन नई सुविधाओं से मरीजों को अब अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। विशेष रूप से महिलाओं, नवजात शिशुओं, बच्चों और गंभीर रोगियों को उपचार के लिए अब बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह कदम स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगा। 'चिकित्सा सुविधाओं में और होगा विस्तार' इस अवसर पर सांसद ने कहा कि झालावाड़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विकास पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने जोर दिया कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी समाज की आधारशिला होती हैं और जनता को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सांसद ने डॉ. बिपाशा से नई स्थापित सोनोग्राफी मशीन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी चिकित्सा सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जाएगी तथा अस्पतालों को नवीन तकनीकों और आधुनिक संसाधनों से सशक्त बनाया जाएगा। 'प्रतिभाशाली चिकित्साकर्मी होंगे तैयार' सांसद सिंह ने कहा कि झालावाड़ एवं बारां में स्थापित मेडिकल कॉलेज भविष्य के लिए नई आशा का केंद्र हैं। यहां से प्रतिभाशाली डॉक्टर, नर्सिंग कर्मी एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ तैयार होकर निकलेंगे, जो प्रदेश एवं देशभर में अपनी सेवाएं देंगे। इससे झालावाड़-बारां का नाम चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान के साथ स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिले। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों को चरणबद्ध रूप से उन्नत किया जा रहा है। आधुनिक मशीनों एवं नई इकाइयों की स्थापना से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने कोविड में भी विशेष सहयोग दिया। कई जनप्रतिनिधि, डॉक्टर्स रहे मौजूद इस कार्यक्रम के दौरान मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, डग विधायक कालूराम मेघवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा,संजय जैन, पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, एसपी अमित कुमार, सीएमएचओ साजिद खान, अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक शर्मा, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. संजय पोरवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आर मीणा, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. महावीर मीना, डॉ. राधेश्याम, एडवोकेट नरेंद्र तोमर, पूर्व पार्षद रहीस चौधरी समेत भाजपा कार्यकर्ता और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।