मूलचन्द नगर के एक पार्क में नगर परिषद द्वारा बनवाई जा रही चारदीवारी पर विवाद खड़ा हो गया है। क्षेत्रवासियों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म दत्त जाट को आपत्ति दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि यह निर्माण कार्य नियमों के विरुद्ध है और पार्क के मूल क्षेत्रफल को कम कर रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि डेवलपमेंट प्लान (डीपी) के स्वीकृत नक्शे में पार्क का जो क्षेत्र निर्धारित है, चारदीवारी का निर्माण उससे कम जगह पर किया जा रहा है। इससे पार्क का आकार छोटा हो जाएगा, जिससे भविष्य में आम जनता को असुविधा होगी। इस मुद्दे पर क्षेत्र में गहरा असंतोष है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर परिषद की मानचित्र शाखा में उपलब्ध मूल डीटीपी (डेवलपमेंट टाउन प्लानिंग) के स्वीकृत नक्शे का अवलोकन किया जाए। उन्होंने वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और उसी के अनुरूप चारदीवारी का निर्माण कराने की अपील की है, ताकि पार्क का मूल स्वरूप बना रहे। लोगों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने और क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करने की अपील की है।