जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक होने पर उसे अलवर रेफर किया गया है। मामला मुंडावर थाना इलाके के गांव माजरी खोला का है। घायल साहिल यादव ने बताया की मेरे पापा भागीरथ यादव अपनी पुश्तैनी जमीन के तीसरे हिस्से का हकदार है। अब उनके भाई जबरन उसका हिस्सा हड़पना चाहते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को यह विवाद अचानक उग्र हो गया और मारपीट में बदल गया। घायल के उसका ताऊ अशोक का परिवार, राजेश, निशा और चेतराम,अशोक सहित करीब 8 से 10 लोगों ने भागीरथ यादव और उसके परिवार पर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में भागीरथ यादव, उसका बेटा साहिल यादव और पत्नी मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद साहिल यादव की हालत गंभीर होने पर उसे अलवर रेफर कर दिया गया। फिलहाल मुंडावर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।