पाली नगर निगम में महापौर चुनाव को लेकर मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन कांग्रेस से राजबाला हिंगड़ और सुमित्रा जैन, जबकि निर्दलीय कुसुम सोनी और पुष्पा सोमनानी ने महापौर पद के लिए नामांकन पत्र लिए। चारों प्रत्याशियों ने कुल छह नामांकन पत्र लिए हैं। राजबाला हिंगड़ और सुमित्रा जैन ने दो-दो, जबकि कुसुम सोनी और पुष्पा सोमनानी ने एक-एक नामांकन पत्र लिया। नामांकन जमा कराने की लास्ट डेट बुधवार दोपहर 3 बजे है। ऐसे में बुधवार को भी कुछ अन्य दावेदार नामांकन पत्र लेकर उन्हें जमा करा सकते हैं। इसके बाद गुरुवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद मैदान में बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। 21 सितंबर को महापौर, 22 को उप महापौर का चुनाव रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि महापौर पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद इसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। वहीं 22 सितंबर को उप महापौर पद के लिए मतदान होगा। नगर निगम आम चुनाव में पार्षदों की मतगणना पूरी होने के बाद अब महापौर और उप महापौर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई है। मंगलवार को निगम कार्यालय में लोक सूचना जारी करने के साथ महापौर पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई। नवनिर्वाचित पार्षदों को दिलाई शपथ महापौर और उप महापौर के निर्वाचन से पहले मंगलवार को नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ भी दिलाई गई। इसके साथ ही निगम के नए बोर्ड के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ी। मतदान और मतगणना को लेकर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस दौरान निर्वाचन से जुड़े विशेषाधिकारी, निगम में बिरजू गोपाल, उप पंजीयक प्रथम शिवजीराम बावरी, सुरेश कुमार व्यास, ललित कुमार दवे, महेन्द्र बैरवा, विक्रम सिंह परिहार, युजवेन्द्र खेमलानी, गोविन्द सिंह राजपुरोहित, ताराचंद सेजू, रामलाल, अर्जुन सिंह, जयपाल सिंह चौहान, हिमांशु चतुर्वेदी, मोहित जोशी, शंकर जोधा, इकबाल अली, बबलू काठात, रघुवीर सिंह, पुष्पराज, प्रमोद, नरेश चौधरी, वरुण लोहाना सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।