भास्कर न्यूज | टोंक नेशनल हाईवे-52, जयपुर-कोटा मार्ग पर शनिवार को दाखिया के पास एक अनोखा और खतरनाक घटनाक्रम सामने आया। जब सरसों के तेल से भरे एक टैंकर में ट्रक की टक्कर के बाद सड़क पर तेल बहने लगा और उसे लूटने के लिए लोगों में होड़ मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि ग्रामीण और राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर बाल्टी, डिब्बे और बोतल लेकर हाईवे पर दौड़ पड़े। करीब 15 मिनट चले घटनाक्रम के बाद मेहंदवास थानाधिकारी रामसिंह मय जाब्ते मौके पर पहुंचे और टैंकर से तेल बहाव को बंद करवाकर क्रेन की सहायता से टैंकर व ट्रक को साइड में करवाकर रास्ता सुचारु करवाया। टैंकर चालक मुरैना निवासी टैंकर चालक धर्मेंद्र भदौरिया के अनुसार टैंकर में 25 टन (25 हजार लीटर) से ज्यादा तेल भरा हुआ था। थानाधिकारी रामसिंह ने बताया कि दोनों वाहन कोटा की ओर से आ रहे थे। दाखिया के पास टैंकर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे यह स्थिति बनी। सूचना मिलते ही पुलिस 10 से 15 मिनट में मौके पर पहुंच गई और टैंकर के पास ट्रक लगवाकर छेद को अस्थायी रूप से बंद कराया गया। इस दौरान बड़ी मात्रा में तेल सड़क पर बह चुका था। हादसे के चलते हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात सुचारू कराया। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है और ट्रक में शाम फुटकर का सामान भरा हुआ था।