भरतपुर के नदबई ब्लॉक के टोहिला गांव में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने 8 साल की बच्ची को कुचल दिया। बस बच्ची को कुचलते हुए आगे निकल गई और पिछले टायर के नीचे फंस गई। बच्ची अपने माता-पिता के साथ मामा की शादी में शामिल होने आई थी। सवेरे परिवार के सभी लोग तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान बच्ची सड़क पर आ गई और रोडवेज बस की चपेट में आ गई। हादसा लखनपुर थाना क्षेत्र के टोहिला गांव में रविवार सवेरे करीब 8ः30 बजे हुआ। हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बस को रुकवा लिया और विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसका फायदा उठाकर बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। खेलते हुए सड़क पर आई बच्ची बच्ची के नाना रामेश्वर ने बताया- रविवार को उनके बेटे रवि की शादी थी। बारात लखनपुर के ही विनऊआ गांव जानी है। घर में सभी लोग शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। घर सड़क के कोने पर ही है। इस दौरान डीग जिले के टीकरी थाना क्षेत्र के सीकरी निवासी दोहिती आरिका (8) पुत्री दारा सिंह खेलते हुए सड़क पर आ गई। रोडवेज बस के टायर के नीचे आई इसी दौरान अटारी से भरतपुर की ओर जा रही भरतपुर रोडवेज की बस ने आरिका को टक्कर मार दी। बस आरिका को कुचलते हुए निकली। तेज आवाज सुनकर सभी लोग बाहर आए। देखा तो आरिका बस के पिछले टायर के नीचे थी। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बस को रुकवा लिया और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बस ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने की समझाइश घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सीओ अमर सिंह राठौड़ और लखनपुर एसएचओ विजय सिंह छौंकर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर राजकीय जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। एसएचओ विजय सिंह ने बताया- पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आरिका के पिता दारा सिंह मजदूरी करते हैं और उनके एक बड़ी बेटी है।