नगर परिषद सभापति चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी संतोष टाक के साथ एक रिसॉर्ट में 29 पार्षदों का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि ये पार्षद संतोष टाक के पति हुकमीचंद टाक की ओर से की गई बाड़ेबंदी में हैं। वीडियो में निर्दलीय और कांग्रेस के पार्षद नजर आ रहे हैं। वहीं भाजपा की ओर से की गई बाड़ेबंदी में करीब 20 पार्षदों के होने की चर्चा है। हालांकि बाड़ेबंदी में शामिल पार्षदों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है। दोपहर 1 बजे तक किसी ने नाम वापस नहीं लिया नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया चल रही है। दोपहर 1 बजे तक तीनों में से कोई भी प्रत्याशी नामांकन वापस लेने के लिए कार्यालय नहीं पहुंचा था। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। सभापति पद के लिए फिलहाल भाजपा से संतोष टाक, कांग्रेस से दीपक सैनी और निर्दलीय रमा सांखला मैदान में हैं। नगर परिषद में बहुमत के आंकड़े को देखते हुए निर्दलीय पार्षदों की भूमिका चुनाव में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।