नागौर जिले की ग्राम पंचायत भूंडेल स्थित लोकदेवता वीर हड़बूजी महाराज की जन्मस्थली का पर्यटन विभाग अजमेर की टीम ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का जायजा लेकर श्रद्धालुओं के लिए यात्री सुविधाओं के विकास की संभावनाएं देखीं। स्थानीय लोगों से लिए सुझाव उप निदेशक पर्यटन योगेश कुमार खत्री, आर्किटेक्ट विमल सिंघारिया और सिविल इंजीनियर अमन सचदेवा ने निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने विश्राम स्थल, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, सौंदर्यीकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सुझाव भी लिए। निरीक्षण के आधार पर बनेगा प्रस्ताव अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्थल के समग्र विकास की संभावनाओं का अध्ययन किया जा रहा है। निरीक्षण के आधार पर आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे, ताकि भविष्य में यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। ग्रामीण और समिति के सदस्य रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान हड़बूजी जन्मस्थली विकास समिति के अध्यक्ष एवं प्रशासक धर्मेंद्र गौड़, दलपत सिंह चौहान, पुजारी भोम सिंह उड़ सहित समिति के सदस्य, ग्रामीण और अन्य लोग मौजूद रहे।