डीडवाना-कुचामन की बेटियों ने राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में अजमेर जिले की टीम को 3-2 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता है। भीलवाड़ा में आयोजित 14 वर्षीय बालिका राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में नागौर जिले की टीम ने यह कांस्य पदक जीता है। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में नागौर जिले की टीम ने अजमेर को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इस मुकाबले में अनुराधा डूडी, अक्षिता, मधु और कंवर ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे टीम को जीत मिली। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की दर्शकों और खेल प्रेमियों ने सराहना की। पूरे टूर्नामेंट के दौरान नागौर जिले की टीम की खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल, बेहतरीन तालमेल और जुझारू प्रदर्शन का परिचय दिया। टीम ने अपनी रणनीति और एकजुटता से कई मजबूत टीमों को चुनौती दी। खिलाड़ियों को दी बधाई नागौर टीम की इस उपलब्धि पर डीडवाना के जिला फुटबॉल संघ के सचिव फरहत अली, उपाध्यक्ष शबीक अहमद, संयुक्त सचिव हनिफ गौड़, जिला अध्यक्ष चेतन चौधरी, जाकिर अली, अनुराधा शर्मा, डॉ. सोहन चौधरी, अराफात अली, फलसाना खान, रोशन खान तथा बजरंग सिंह जोधा ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और चयन समिति को बधाई दी। इन पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नागौर की बेटियों की यह सफलता जिले में बालिका फुटबॉल को नई पहचान दिलाएगी और अन्य खिलाड़ियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।