डीडवाना-कुचामन जिले में रविवार, 26 अप्रैल को पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने नागौर लिफ्ट पेयजल परियोजना के द्वितीय चरण में जरूरी मेंटेनेंस कार्य के चलते 24 घंटे का शटडाउन घोषित किया है। ऐसे में पूरे जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी, जिससे लोगों को पहले से तैयारी करनी होगी। रखरखाव के चलते लिया गया फैसला PHED के सहायक अभियंता सुरेंद्र कुमार धोबी के अनुसार, यह शटडाउन अधीक्षण अभियंता, नागौर के निर्देश पर किया जा रहा है। विभाग द्वारा नागौर लिफ्ट पेयजल परियोजना के दूसरे चरण में तकनीकी खामियों को सुधारने और सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। इन पंप हाउस पर होगा काम इस दौरान परियोजना से जुड़े प्रमुख पंप हाउस—नोखा दैया, देशनोक, जोधियासी और जायल सहित अन्य केंद्रों पर आवश्यक तकनीकी कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के चलते पूरे सिस्टम को अस्थायी रूप से बंद रखना जरूरी है। पूरे जिले में जलापूर्ति रहेगी बाधित रविवार सुबह से शुरू होने वाला यह शटडाउन पूरे 24 घंटे तक प्रभावी रहेगा। इसका सीधा असर डीडवाना और कुचामन क्षेत्र के सभी शहरी और ग्रामीण इलाकों पर पड़ेगा, जहां पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। गर्मी में बढ़ी चिंता, विभाग की अपील भीषण गर्मी को देखते हुए PHED ने आमजन से अपील की है कि वे शनिवार को ही पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर लें और उपलब्ध पानी का उपयोग सावधानी और किफायत से करें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके। सोमवार से धीरे-धीरे होगी सप्लाई बहाल विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद सोमवार से जलापूर्ति को धीरे-धीरे सामान्य किया जाएगा। हालांकि, पूरी तरह से सप्लाई बहाल होने में कुछ समय लग सकता है।