नागौर के मूंडवा थाना क्षेत्र के भडाणा गांव स्थित एक ऑयल मिल पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान 13,100 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल, विभिन्न ब्रांडों के लेबल, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण जब्त किए गए। ये कार्रवाई मिलावटी खाद्य तेल के कारोबार की लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर की गई। थानाधिकारी सुरेश कुमार चौधरी ने बताया- मिलावटी तेल के निर्माण और पैकिंग की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सूचनाओं का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागौर सीएमएचओ कार्यालय से खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल को भी टीम सहित मौके पर बुलाया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी मात्रा में तेल, टिन कनस्तर, विभिन्न कंपनियों के लेबल, ढक्कन, बैच मार्क, पैकिंग तिथि अंकित करने वाली मोहरें और पैकिंग में प्रयुक्त मशीनरी को जब्त कर सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को तेल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जाएंगे। संबंधित फर्म से एफएसएसएआई लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी मांगे गए हैं, जिनकी जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाधिकारी ने बताया- मौके पर करीब 200 लीटर क्षमता के 40 ड्रम मिले, जिनमें प्रथम दृष्टया पाम ऑयल होने की आशंका है। संदेह है कि इसी तेल को टिन के डिब्बों में मूंगफली तेल के नाम से पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। हालांकि, इसकी पुष्टि खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। कार्रवाई में रिफाइंड मूंगफली तेल के 137 टिन, अन्य ब्रांड के 23 टिन और कॉटन सीड तेल के 180 बिना पैक डिब्बे बरामद हुए। कुल 340 डिब्बों में लगभग 5,100 लीटर तेल और 40 ड्रमों में करीब 8,000 लीटर तेल सहित कुल 13,100 लीटर संदिग्ध तेल सील किया गया। इसके अलावा, बड़ी संख्या में खाली टिन, लेबल और पैकिंग सामग्री भी जब्त की गई है।