नागौर जिले में पुलिस के विशेष अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन संकल्प के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों पर नशा तस्करी, दुष्कर्म, अवैध खनन, वीडियो वायरल और वारंटी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। नशा तस्कर एमडी के साथ गिरफ्तार कोतवाली पुलिस और डीएसटी टीम ने मूंडवा चौराहा से आरोपी शिवराज पुत्र मुन्नाराम निवासी चिमरानी को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 7 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी और 800 रुपए नकद बरामद हुए। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। नाबालिग का वीडियो वायरल करने वाला पकड़ा महिला थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में आरोपी दीपक सोनी को नागौर कस्बे से गिरफ्तार किया। आरोपी ने वीडियो में वॉइस एडिटिंग कर अश्लील भाषा जोड़कर उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। अवैध बजरी खनन पर कार्रवाई थांवला पुलिस ने कोड नदी क्षेत्र में गश्त के दौरान अवैध बजरी से भरे छह चक्का डंपर को जब्त किया। चालक राजेश कुमावत को मौके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं मिले। इस पर बीएनएस और एमएमआरडी एक्ट में मामला दर्ज किया गया। तीन साल से फरार वारंटी गिरफ्तार थांवला पुलिस ने अपहरण और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में तीन साल से फरार स्थाई वारंटी राहुल को जैतारण बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से पाली जिले का निवासी है। दुष्कर्म का आरोपी भी पकड़ा गया सदर थाना पुलिस ने तीन महीने से फरार आरोपी मुकेश सोनी को गिरफ्तार किया। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।