नागौर पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों और बजरी माफियाओं पर शिकंजा कसा है। डेगाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 5.90 लाख रुपए कीमत का डोडा पोस्त और अफीम जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, जसनगर पुलिस ने अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है। ​मंदिर के पास से दबोचे गए तस्कर ​डेगाना थानाधिकारी हरीश सांखला और DST प्रभारी विजय सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर झगड़वास रोड स्थित बालाजी मंदिर के पास दबिश दी। पुलिस ने वहां से सूरजभान सिंह (50) निवासी चान्दारूण और नरेश कुमार (50) निवासी डेगाना को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान सूरजभान के पास से 11.026 किलो डोडा चूरा व 577 ग्राम अफीम और नरेश के कब्जे से 9.232 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 20 किलो 258 ग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। ​गश्त के दौरान पकड़ी अवैध बजरी ​दूसरी कार्रवाई जसनगर थाना पुलिस द्वारा की गई। उप निरीक्षक राजमल की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान मौजा सुरपुरा से अवैध बजरी से भरी एक बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। पुलिस की भनक लगते ही चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। वाहन को एमवी एक्ट के तहत जब्त कर खनिज विभाग को सूचित किया गया है। वहीं कोतवाली थाना पुलिस ने शास्त्रीनगर क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 11 लाख रूपये कीमत की 110 ग्राम अवैध एमडी और 59 हजार रूपये की नशा बिक्री राशि जब्त की है। ​रीढ़ की हड्डी टूटी, फिर भी बेच रहा था मौत का सामान हैरानी की बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी महेन्द्र सांगवा (30) निवासी वीर तेजा कॉलोनी, मानासर हाल शास्त्रीनगर, रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने के कारण चलने-फिरने की स्थिति में नहीं था। इसके बावजूद वह अपने घर से नशीले पदार्थों का कारोबार संचालित कर रहा था। कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान की टीम ने शीतला माता मंदिर के पीछे दबिश देकर आरोपी को दबोचा।