नागौर में जड़ा तालाब के पास विद्या भारती संस्थान के नवनिर्मित भवन माधव निलयम का लोकार्पण किया गया। यह भवन करीब 20 महीनों में तैयार हुआ है, जिस पर लगभग तीन करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर हुए इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख अरुण जैन मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम में संघ गतिविधियों के लिए इसे जिले का मुख्य केंद्र बनाने की जानकारी दी गई। संघ की यात्रा और समाज की एकजुटता पर बात मुख्य वक्ता अरुण जैन ने संघ की 100 साल की यात्रा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1925 में डॉ. हेडगेवार द्वारा स्थापित संघ आज बड़ा संगठन बन चुका है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता से ही राष्ट्रहित के कार्य संभव हैं और इतिहास में समाज की आपसी फूट को गुलामी का कारण बताया। उन्होंने कहा कि समाज के संगठित होने से राम मंदिर जैसे कार्य पूरे हुए हैं और आगे भी समाज की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। ​विदेशी षडयंत्रों और सांस्कृतिक हमलों के प्रति दी चेतावनी ​अपने संबोधन के दौरान अरुण जैन ने समाज को वैश्विक षडयंत्रों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि चीन और अमेरिका जैसी शक्तियां भारत को आंतरिक रूप से कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने जातियों के बीच भेदभाव पैदा करने वाले भ्रामक सोशल मीडिया संदेशों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने रामसेतु आंदोलन का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे समाज की जागरूकता ने देश की सांस्कृतिक और सामरिक विरासत को बचाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब समाज जागरूक होता है, तब सरकारें भी राष्ट्र और संस्कृति के अनुकूल निर्णय लेने के लिए बाध्य होती हैं। ​कुटुंब प्रबोधन और जड़ों से जुड़ने का आह्वान ​सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर देते हुए मुख्य वक्ता ने भारतीय परिवारों को राष्ट्र की सबसे मजबूत इकाई बताया। उन्होंने आधुनिकता की चकाचौंध में अपनी मातृभाषा, स्थानीय बोली और संस्कारों को भूलने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने माताओं और बहनों से आग्रह किया कि वे बच्चों को घर में मारवाड़ी जैसी स्थानीय बोलियां सिखाएं और नमस्ते जैसी वैज्ञानिक परंपराओं का पालन करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सादगी और प्रामाणिकता बनाए रखने का आह्वान करते हुए माधव निलयम को समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बनाने का संकल्प दिलाया। ​संत शक्ति और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति ​समारोह में पांचला सिद्धा आश्रम के महंत योगी सूरजनाथ महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि संघ ने स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और गौ-सेवा के माध्यम से राष्ट्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, किसान आयोग के अध्यक्ष सी आर चौधरी, मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा और विभिन्न क्षेत्रों के विधायक सहित अनेक वरिष्ठ प्रचारक, संत और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिला संघचालक मुकेश भाटी ने सभी का आभार व्यक्त किया और संचालन जिला कार्यवाह दिलीप शर्मा व विभाग प्रचारक गिरधारी लाल ने किया।