नागौर शहर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो बहनें उछलकर सड़क पर जा गिरीं। भागने के चक्कर में स्कॉपियो चालक ने सामने खड़ी सवारियों से भरी पिकअप को भी टक्कर मार दी। घायल बहनों को आसपास के लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां उपचार के बाद दोनों को छुट्‌टी दे दी गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें टक्कर लगने के बाद दोनों बहने सड़क पर गिरती न दे रही हैं। हादसा बीकानेर रोड पर डीडवाना तिराहे पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। स्कूटी से दोनों बहनें गृह प्रवेश के लिए पूजा का सामान लेने गई थीं। कोतवाली थाना एएसआई भगवाना राम के अनुसार, दोनों पक्षों की तरफ से मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। गाड़ियों को थाने में खड़ा करवाया है। एक्सीडेंट से जुड़ी 3 तस्वीरें गृह प्रवेश के कार्यक्रम के लिए पूजा का सामान लेने निकली थी दोनों बहनें घायल बहनों के भाई सुरेश ने बताया- प्रेम नगर कॉलोनी स्थित मेरे नवनिर्मित मकान में शनिवार को गृह प्रवेश और प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम था। दोनों बहनें पूजा का सामान खरीदने के लिए स्कूटी से बाजार गई थीं। सामान लेकर लौटते समय डीडवाना तिराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। मेरी बहन भगवती और चचेरी बहन के हाथ और कमर में चोटें आई हैं। दोनों को पंडित जवाहरलाल नेहरू सरकारी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई हैं। कोतवाली थाना एएसआई भगवाना राम ने बताया कि स्कॉर्पियो, स्कूटी और पिकअप को जब्त कर थाने भिजवा दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां स्कूटी से रोड क्रॉस कर रही थीं, इसी दौरान हादसा हुआ। हालांकि स्कूटी को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो का बैलेंस बिगड़ा और वह रॉन्ग साइड में खड़ी पिकअप से टकराकर रुक गई। स्कॉर्पियो सवार हॉस्पिटल में मरीज को दिखाने आ रहे थे। अचानक सड़क पर स्कूटी आने से हादसा हुआ। पिकअप सवार समेत किसी भी पक्ष ने अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दी है। मामले में सभी पक्षों में सहमति बनने के बाद थाने से उन्हें वाहन ले जाने की अनुमति दे दी गई है।