नागौर में ट्रेन की चपेट में आने से हिस्ट्रीशीटर के बेटे की मौत हो गई। युवक दुकान से घर जाने के लिए निकला था। पिता की आठ साल पहले हत्या हो गई थी। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में डीडवाना रेलवे फाटक पर बुधवार दोपहर को हुआ। दुकान से घर के लिए निकला था युवक ताऊ अजय सिंह सांखला ने कोतवाली थाने में दी रिपोर्ट में बताया- नकुल दोपहर करीब 12:30 बजे तक माही दरवाजा स्थित अपनी दुकान पर था। वहां से वह घर के लिए निकला था, लेकिन काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजनों को पुलिस से सूचना मिली कि डीडवाना फाटक के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। इसके बाद परिजन जेएलएन अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचे, जहां शव की शिनाख्त नकुल के रूप में हुई। नकुल के पिता हिस्ट्रीशीटर रघुवीर सांखला की मार्च 2018 में माही दरवाजा क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। पिता की मौत के आठ साल बाद अब बेटे की जान जाने से परिवार में शोक की लहर है। आत्महत्या या हादसा, जांच के बाद होगा खुलासा नागौर कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया - फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की या हादसा हुआ। मामले की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। हेड कॉन्स्टेबल गजेंद्र सिंह ने पोस्टमॉर्टम और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।