हाथों में 25 लाख रुपए से भरा थाल और सिर पर साफा। यह दृश्य नागौर जिले की नागड़ी ग्राम पंचायत से सरपंच चुनाव हारने वाले भागीरथ हटीला (45) के घर का था। ग्रामीण आपसी सहयोग से 25 लाख रुपए जुटाकर गुरुवार को भागीरथ के घर पहुंचे और उन्हें यह राशि सौंपी। इस दौरान उनके घर पर शादी जैसा माहौल था। भागीरथ मकान कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। इस बार नागड़ी ग्राम पंचायत से लोगों ने आपसी सहमति के बाद भागीरथ को सरपंच पद का उम्मीदवार बनाया था। इससे पहले 25 अक्टूबर को ऐसा ही नजारा नागौर की मूंडवा पंचायत समिति की भदौरा ग्राम पंचायत में देखने को मिला था। यहां भी सरपंच पद का चुनाव हारने वाली महिला प्रत्याशी चिड़ी देवी के घर ग्रामीण सहयोग से जुटाए 25 लाख रुपए से भरा थाल सौंप कर आए थे। लोगों को प्यार ही सबसे बड़ी पूंजी भागीरथ हटीला ने कहा- हार-जीत चुनाव का हिस्सा है, लेकिन जनता का प्यार, विश्वास और अपनापन ही मेरी असली पूंजी है। चुनाव का परिणाम कुछ भी रहा हो, गांववालों के प्रति मेरा सम्मान और जनसेवा का भाव हमेशा बना रहेगा। जनता का फैसला सिर-आंखों पर है। गांव के विकास के लिए प्रयास करना और ग्रामीणों के सुख-दुख में साथ खड़े रहना ही सच्ची जनसेवा है। लोगों के समर्थन के बाद लड़े थे चुनाव भागीरथ हटीला ने बताया- मैं लोगों के समर्थन के बाद ही सरपंच पद के लिए मैदान में उतरा था। ग्राम पंचायत में करीब 3,500 वोटर्स हैं। इनमें से 3 हजार 8 लोगों ने वोट डाला। पंचायत चुनाव के पहले चरण में 24 अक्टूबर को हुए सरपंच चुनाव में मैं दूसरे स्थान पर रहा। रिजल्ट के बाद लोग दूरी बनाने के बजाय साथ खड़े रहे। ग्रामीणों ने मेरे लिए आर्थिक सहायता जुटाई और मेरे घर पहुंचकर राशि सौंपी। ग्राम पंचायत से 7 प्रत्याशी थे मैदान में नागड़ी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए सात प्रत्याशी मैदान में थे। सबसे ज्यादा 1532 वोट के साथ राकेश हटीला सरपंच बने। भागीरथ हटीला 1133 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। अन्य प्रत्याशियों में प्रहलाद राम को 88, कैलाश को 67, गिरधारी राम को 51, बद्रीराम को 17 और साबुडी को 12 वोट मिले। … संबंधित ये खबर भी पढ़ें … सरपंच चुनाव हारी प्रत्याशी को ग्रामीणों ने दिए 25 लाख:आपसी सहमति से इलेक्शन लड़वाया था, बोले-भाईचारा और एकता हार-जीत से बड़ी है गले में माला, सिर पर साफा और हाथों में रुपयों से भरा थाल। तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारे। ये नजारा नागौर की मूंडवा पंचायत समिति की भदौरा ग्राम पंचायत के सरपंच चुनाव में हारीं चिड़ी देवी के घर का है। पूरी खबर पढ़िए