ओलिंपिक की दो ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मनु भाकर और दो बार के एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट तजिंदरपाल सिंह तूर भारत के ध्वजवाहक होंगे। दोनों शनिवार को नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में 2026 एशियन गेम्स के ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे। भारत ने इस बार एशियन गेम्स के लिए 503 खिलाड़ियों का दल भेजा है। इसमें 269 मेंस और 234 विमेंस खिलाड़ी शामिल हैं। मनु के एक ही ओलिंपिक में दो मेडल मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक 2024 में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल और सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में पदक हासिल किया। वह एक ही ओलिंपिक में दो मेडल जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बनीं। मनु ने 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल का गोल्ड, 2018 यूथ ओलिंपिक में गोल्ड और 2018 ISSF वर्ल्ड कप में भी गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 2022 एशियन गेम्स में 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट में गोल्ड और 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25 मीटर पिस्टल टीम इवेंट का गोल्ड भी अपने नाम किया। इसके अलावा उन्हें 2020 में अर्जुन अवॉर्ड और 2025 में खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। तजिंदर ने एशियन गेम्स में 2 गोल्ड जीते तजिंदरपाल सिंह तूर ने एशियन गेम्स में 2 गोल्ड मेडल जीते हैं। इसके अलावा उन्होंने एशियन चैंपियनशिप में 2 गोल्ड और 1 सिल्वर, जबकि एशियन इंडोर चैंपियनशिप में 2 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते हैं। तूर के नाम 21.77 मीटर का राष्ट्रीय और एशियन रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के साथ गेम्स रिकॉर्ड बनाया था। भारतीय दल में आखिरी समय पर 11 खिलाड़ी जुड़े भारतीय दल में पहले 492 खिलाड़ी शामिल थे। आखिरी समय पर चार सर्फर, छह एथलीट और एक मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फाइटर जोड़ा गया। खिलाड़ियों के साथ 265 सदस्यीय सपोर्ट ग्रुप भी है। इसमें 246 कोच और सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। सपोर्ट ग्रुप में इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन के 19 दल अधिकारी भी हैं। पिछले एशियन गेम्स से छोटा दल भारत ने पिछले एशियन गेम्स की तुलना में इस बार छोटा दल भेजा है। 2022 में चीन के हांगझोउ में हुए एशियन गेम्स में भारत के 661 खिलाड़ी शामिल हुए थे। इनमें 333 मेंस और 328 विमेंस थीं। हांगझोउ एशियन गेम्स भारत के लिए अब तक का सबसे सफल संस्करण रहा। भारत ने पहली बार एक ही एशियन गेम्स में 100 से ज्यादा पदक जीते थे। टीम ने कुल 107 पदक अपने नाम किए, जिसमें 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे।