बूंदी के नैनवां कस्बे में एक किराये के मकान में चोरों ने सेंधमारी कर 75 हजार रुपए नकद और लाखों रुपए के जेवर चुरा लिए। यह घटना सोमवार की रात को हुई, जब मकान मालिक सोनू उर्फ सुरेश बैरवा का परिवार जागरण में गया हुआ था। पीड़ित सोनू उर्फ सुरेश बैरवा ने बताया कि चोरी हुई 70 हजार रुपए की नकदी उसने अपनी बेटी के इलाज के लिए ब्याज पर उधार ली थी। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार सोनू बैरवा 13 जुलाई की रात करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ चचेरे भाई राजूलाल के जागरण में शामिल होने गए थे। वे मकान में ताला लगाकर गए थे। चोर मकान के पिछले हिस्से से अंदर घुसे और कमरे का ताला तोड़ दिया। चोरों ने पलंग की पेटी और बक्से खंगाल दिए। सुबह करीब 5 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो उन्होंने मकान का ताला टूटा हुआ और घर का सामान बिखरा हुआ पाया। बच्चे के 2 हजार रुपए भी किए चोरी चोरी हुए सामान में बेटी के इलाज के लिए रखे 70,000 रुपए नकद, बच्चे के 2,000 रुपए और मोबाइल कवर से 3,000 रुपए शामिल हैं। इसके अलावा चोरों ने 500 ग्राम चांदी के पायजेब, 2 ग्राम सोने की मादलियां, चांदी का साड़ी का छल्ला, चांदी की चेन, चांदी की फोलरियां (1 जोड़ी) और चुटकियां भी चुरा लीं। चार्ज पर लगा मोबाइल वहीं छोड़ दिया गया था। कुल नुकसान लाखों रुपये का आंका गया है। सूचना मिलते ही नैनवां थानाधिकारी सहदेव मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।