बूंदी जिले के नैनवां कस्बे में गौ संरक्षण, संवर्धन और सम्मान की मांग को लेकर क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं व गौसेवा समितियों ने सोमवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया गया है। यह ज्ञापन "गौ सम्मान आह्वान अभियान" के तहत दिया गया। इसमें गौवंश की सुरक्षा के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने, स्वतंत्र गौ सेवा मंत्रालय की स्थापना और अवैध वध पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। संत-महंतों ने गौ संरक्षण पर जताई चिंता इस दौरान श्री चारभुजा गौशाला देई, श्री गोपाल गौशाला नैनवां, गणेशपुरा गौशाला, श्री सीताराम बाबा गौशाला सेवा समिति आव का खेड़ा मानपुरा, आदर्श गौशाला सेवा समिति गणेशपुरा बामनगांव और आजाद हिंद गौशाला के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर सीताराम दास बाबा दुगारी के सानिध्य में बाबा बालक नाथ (हनुमान वाटिका) भी मौजूद थे। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में गौवंश की स्थिति चिंताजनक है और इसके संरक्षण के लिए ठोस नीति की आवश्यकता है। प्रतिनिधियों ने गौवंश को राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा देने, गौशालाओं के विकास के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और गो आधारित प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने की भी मांग रखी। कंटेंट: अश्विनी शर्मा, नैनवां।